जयपुर , अक्टूबर 09 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हाल में संपन्न हुए नगरीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रचंड जीत के बाद अब पंचायत राज आम चुनावों में भी कमान संभाल ली है और अपनी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं सहित विकास कार्यो एवं उपलब्धियों को भाजपा के प्रदेशभर में संचालित 90 प्रचार रथों के माध्यम से पहुंचा रहे हैं। श्री शर्मा प्रतिदिन वीडियों कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गांव-गांव एवं ढाणी-ढाणी में इन प्रचार रथों से सभाओं को संबोधित कर रहे हैं और इस दौरान वह ग्रामीणों से संवाद भी कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री अपने संबोधन के जरिए केन्द्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों का ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के सामने रखकर सरकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरुक कर रहे हैं, वहीं जमीनी स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का नया संचार भी कर रहे हैं।

इस दौरान श्री शर्मा अपने इस संदेश के जरिए डबल इंजन की सरकार में पंचायत चुनाव का ट्रिपल इंजन जोड़ने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांवों का विकास, बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और आमजन की समस्याओं का समाधान भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-शहरी वार्ड अभियान, ग्राम चौपाल, अटल ज्ञान केन्द्र, अटल पथ, किसान सम्मान निधि, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पीएम आवास योजना-ग्रामीण सहित कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिसका लाभ ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीण मतदाताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे पंचायती राज चुनाव में भाजपा के प्रत्याशियों को समर्थन दें, जिससे गांवों में विकास कार्यों को गति मिल सके, किसानों की समृद्धि सुनिश्चित हो तथा बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो। उन्होंने कहा कि गांव आगे बढ़े, किसान समृद्ध हो और राजस्थान विकसित हो, इसी संकल्प के साथ डबल इंजन सरकार कार्य कर रही है। अब इसमें पंचायती राज का तीसरा इंजन जोड़कर ट्रिपल इंजन सरकार बनाने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत संगठन है। पंचायत चुनावों में सफलता के लिए बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और प्रभावी जनसंपर्क अत्यंत आवश्यक हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

उन्होंने आह्वान किया कि भाजपा के कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्रों में जनता के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखें और उनकी अपेक्षाओं एवं समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए प्रयास करें। कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इसलिए उन्हें जनसंवाद के माध्यम से लोगों का विश्वास मजबूत करना चाहिए तथा विकास और सुशासन के संदेश को प्रत्येक गांव और ढाणी तक पहुंचाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्पष्ट मानना है कि विकसित गांव ही विकसित भारत की आधारशिला हैं। इसी सोच के साथ राज्य सरकार गांवों के विकास को प्राथमिकता दे रही है। गांव मजबूत होगा तो देश मजबूत होगा और गांव समृद्ध होगा तो भारत समृद्ध होगा। उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत करने के लिए आठ नई जिला परिषदें, 94 नई पंचायत समितियां और 3467 नई ग्राम पंचायतें बनाई गई हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने एक लाख 93 हजार पदों पर नियुक्तियां दी हैं, जबकि एक लाख 18 हजार पदों पर भर्ती की जा रही है। प्रदेश में 410 से अधिक परीक्षाएं पूर्ण पारदर्शिता के साथ बिना किसी पेपरलीक के सफलतापूर्वक संपन्न करवाई गई हैं। उन्होंने कहा कि रामजल सेतु लिंक परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। यमुना जल परियोजना पर काम शुरू कर दिया गया है। किशाऊ समझौते से भी प्रदेश को लाभ मिलने जा रहा है।

श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों की तुलना में हमारी सरकार ने 33 महीनों में कई क्षेत्रों में तीन गुना से लेकर 28 गुना तक अधिक काम किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित