जयपुर , अप्रैल 07 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार सुबह बूंदी जिले की इंद्रगढ़ तहसील स्थित गांव गुहाटा में राजस्थान वाटर ग्रिड कॉर्पोरेशन लिमिटेड के तहत चंबल एक्वाडक्ट के निर्माण कार्यों का निरीक्षण करेंगे।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार श्री शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार पूर्वी राजस्थान के लिए वरदान 'राम जल सेतु लिंक परियोजना' को धरातल पर उतारने के लिए संकल्पित हैं और प्रदेश के 17 जिलों के लिए जीवनदायिनी परियोजना के कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। इसी क्रम में श्री शर्मा निरीक्षण करेंगे। चंबल एक्वाडक्ट संशोधित पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना का एक महत्वपूर्ण घटक है, जिसका एक छोर कोटा की दीगोद तहसील के पीपल्दा समेल गांव और दूसरा छोर बूंदी के गुहाटा गांव से जुड़ेगा। चंबल नदी पर निर्माणाधीन 2280 मीटर लंबे एक्वाडक्ट का कार्य मिशन मोड पर तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इस एक्वाडक्ट से आमजन को आवागमन के लिए मार्ग भी उपलब्ध होगाा।
उल्लेखनीय है कि ईआरसीपी को वृहद स्वरूप देते हुए संशोधित पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना तैयार की गई है। परियोजना के प्रथम चरण में राज्य के 17 जिलों की लगभग 3 करोड़ 25 लाख आबादी को पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही, सिंचाई एवं उद्योगों के लिए भी जल उपलब्ध कराया जाएगा। इससे प्रदेश के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित