जयपुर , अप्रैल 21 -- राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की छठी किस्त जारी करेंगे।

सहकारिता राज्य मंत्री गौतम कुमार दक ने मंगलवार को यहां बताया कि श्री शर्मा जोधपुर के ओसियां में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय समारोह में योजना की यह किस्त जारी करेंगे जिसमें राज्य के 66 लाख से अधिक किसानों को 665 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जायेगी।

श्री दक ने बताया कि इस अवसर पर जिला, ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर भी कृषि विभाग के समन्वय से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बड़ी संख्या में कृषकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत अब तक पांच किश्तों के माध्यम से प्रदेश के 71 लाख से अधिक किसान परिवारों को 2726 करोड़ रुपये से अधिक की धन राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जा चुकी है वहीं पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत राज्य सरकार के ढाई वर्ष के कार्यकाल में 76 लाख से अधिक किसानों के खातों में छह किस्तों में 9583 करोड़ रुपये हस्तान्तरित किए गए है।

श्री दक ने बताया कि राज्य में मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना लागू कर पीएम किसान सम्मान निधि योजना के समस्त पात्र किसानों को तीन समान किस्तों में तीन हजार रुपये की अतिरिक्त राशि दी जा रही है। राज्य में अब योजना के पात्र किसानों को तीन हजार रुपये प्रति वर्ष सम्मान निधि के रूप में मिल रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित