जयपुर , अप्रैल 11 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर दौसा जिले के बांदीकुई में 607.66 करोड़ रुपये की लागत के 213 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

इस मौके पर श्री शर्मा ने पॉलिटेक्निक कॉलेज का नाम महात्मा ज्योतिबा फुले के नाम पर रखने, बांदीकुई-दौसा रेलवे फाटक पर आरओबी निर्माण, बांदीकुई एवं बसवा नगर पालिका में सीवरेज एवं ड्रेनेज गेप के कार्य के साथ ही राजस्थान के प्रत्येक ब्लॉक में एक उच्च माध्यमिक विद्यालय में सावित्री बाई फुले ई-लाइब्रेरी की स्थापना एवं सभी जिलों में महात्मा ज्योतिबा फुले आदर्श विद्यालय स्थापित करने की घोषणा की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गरीब, किसान, मजदूर और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए पूरे समर्पण के साथ कार्य कर रही है। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, विधायक भागचंद टांकडा, राजेंद्र मीणा, रामविलास मीना, विक्रम बंशीवाल, हंसराज मीना, देवी सिंह शेखावत सहित कई जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित