जयपुर , अक्टूबर 25 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को सीकर जिले के खाटू में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम के 139वें संस्करण को सुना।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आमजन से 'वोकल फॉर लोकल' को बढ़ावा देने का आह्वान करते हुए कहा कि आगामी त्योहारों पर स्थानीय हुनर और उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए।

कार्यक्रम सुनने के बाद श्री शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार स्थानीय फसलों और उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही है। इसी के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकाधिक प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित की जा रही हैं ताकि लोगों को अपने गांव में ही रोजगार के अवसर मिल सके।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा सरकार शेखावाटी सहित पूरे प्रदेश में जल उपलब्धता के लिए एक के बाद एक ऐतिहासिक कार्य कर रही है। इस दौरान राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष प्रह्लाद टाक, विधायक गोरधन वर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और आमजन मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित