जयपुर , जून 26 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चार जुलाई को प्रस्तावित राजस्थान यात्रा एवं पचपदरा रिफाइनरी के उद्घाटन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को यहां उच्चस्तरीय बैठक लेकर दिशा निर्देश दिये।

श्री शर्मा ने मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित इस बैठक में कार्यक्रम के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने एवं सभी तैयारियां समयबद्ध पूर्ण करने को लेकर निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सबसे बड़े प्रोजेक्ट एवं भारत के पहले ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी कम पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स की शुरुआत होना गर्व का क्षण है। ऐसे में इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में सभा स्थल पर पार्किंग, पेयजल, बैठक व्यवस्था जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाये।

उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर प्रधानमंत्री का कार्यक्रम लाइव दिखाने की व्यवस्था की जा रही है, वहां आमजन के लिए छाया, पानी, चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाये। इसके साथ ही वीडियो कॉन्फ्रेंस से जुड़ने वाली सभी ग्राम पंचायतों, नगरपालिकाओं और जिलों में तकनीकी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाये।

बैठक में अधिकारियों ने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रजेंटेशन दिया इस दौरान मुख्यमंत्री कार्यालय में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित उच्चाधिकारी मौजूद थे वहीं बालोतरा से एचआरआरएल के अधिकारी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जुड़े।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित