जयपुर , जून 28 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को यहां बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर प्रदेश में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया।
श्री शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर इसका शुभारंभ किया और कहा कि पोलियो से बचाव का एक मात्र प्रभावी उपाय समय पर दवा की खुराक है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बच्चे की भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को निकटतम बूथ पर ले जाकर पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान के तहत जन्म से पांच वर्ष तक के बच्चों को प्रथम दिन बूथ पर तथा अगले दो दिन तक घर-घर जाकर टीमों के द्वारा खुराक पिलाई जाएगी। उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र बच्चा इससे वंचित नहीं रहे। उन्होंने बच्चों को दवा की खुराक पिलाकर चॉकलेट दी। साथ ही, अभियान के पोस्टर 'दो बूंद हर बार पोलियो पर जीत रहे बरकरार' का विमोचन भी किया।
उल्लेखनीय है कि रविवार से अगले तीन दिन 30 जून तक राज्य में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत लगभग 1.04 करोड़ बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके लिए प्रदेशभर में 59 हजार 217 बूथ बनाए गए हैं वहीं कुल 75 हजार 232 टीमों का गठन किया गया है, जिनमें से सात हजार 11 ट्रांजिट और नौ हजार चार मोबाइल टीमें हैं।
गत 15 वर्षों में पोलियो का कोई भी नया केस भारत में नहीं पाया गया है। भारत को 27 मार्च 2014 को पल्स पोलियो मुक्त प्रमाण-पत्र मिल चुका है। इस अवसर पर ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री) अखिल अरोड़ा, प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग गायत्री राठौड़ तथा अन्य उच्चाधिकारी एवं अभिभावक मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित