जयपुर , मार्च 20 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर मेट्रो के विस्तार फेज की योजना में सभी प्रमुख स्थानों को शामिल करने एवं जनसंख्या घनत्व को ध्यान में रखकर नवीन मेट्रो फेज की दिशा में कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं।
श्री शर्मा ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में जयपुर मेट्रो के संबंध में उनकी अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जयपुर शहर के आमजन को मेट्रो के जरिये सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार निरंतर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर मेट्रो परियोजनाओं का समय अनुकूल विकास एवं नियंत्रित लागत बेहद जरूरी है। इसी क्रम में घनी आबादी क्षेत्र के लिए मेट्रो विस्तार फेज को वर्तमान मेट्रो लाईन्स से जोड़ने की कार्ययोजना को प्रमुखता से बनाया जाए।
उल्लेखनीय है कि बजट वर्ष 2025-26 में जगतपुरा एवं वैशाली नगर क्षेत्रों में मेट्रो के विस्तार के लिए डीपीआर बनाने की घोषणा की गई थी, जिसके क्रम में जयपुर मेट्रो के अधिकारियों ने प्रस्तावित एलाइनमेंट मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बढ़ती आबादी के मद्देनजर मेट्रो को आमेर, बगराना (आगरा रोड़), जगतपुरा एवं आईएसबीटी हीरापुरा तक विस्तार देने के लिए मास्टर प्लान बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने जेडीए अधिकारियों को अरण्य भवन से जगतपुरा तक बनने वाले एलिवेटेड रोड के संबंध में विशेष दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए जेडीए एवं जयपुर मेट्रो आपसी सामंजस्य से काम करें।
श्री शर्मा ने मेट्रो फेज-2, फेज-1सी (बड़ी चौपड़-ट्रांसपोर्ट नगर) एवं फेज-1डी (मानसरोवर-अजमेर रोड चौराहा) की प्रगति का भी विवरण लिया। इस दौरान अधिकारियों ने प्रजेंटेशन के जरिये मेट्रो परियोजना की विभिन्न कार्ययोजनाओं की जानकारी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित