भरतपुर , जुलाई 29 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भरतपुर एवं डीग जिले को 1186 करोड़ रुपये से अधिक के सड़क, विद्युत, ड्रेनेज सहित आधारभूत ढांचे के विकास कार्यों की सौगात दी वहीं कक्षा एक से आठ में अध्यनरत 40 लाख से अधिक पात्र विद्यार्थियों को निःशुल्क यूनिफॉर्म के लिए 250 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की।

श्री शर्मा बुधवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भरतपुर की वैर तहसील के खेड़ली गुर्जर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में यह सौगात दी एवं यह राशि हस्तांतरित की। मुख्यमंत्री ने 691 करोड़ रुपये से अधिक के शैक्षिक निर्माण कार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास के साथ ही 'मिशन पढ़ो राजस्थान' के तहत रीडिंग प्रमोशन कैम्पेन का शुभारंभ, निपुण कैलेंडर का विमोचन, दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को टैबलेट का वितरण एवं शिक्षकों का सम्मान भी किया। उन्होंने बालिका सैनिक स्कूल का भूमि पूजन एवं पौधारोपण भी किया।

उन्होंने भुसावर के विकास को गति देने के लिए स्थानीय मांग के मद्देनजर ब्रज क्षेत्रीय विकास योजना में भुसावर को भी शामिल करने की घोषणा भी की। उल्लेखनीय है कि ब्रज क्षेत्र के समन्वित विकास के लिए सम्पूर्ण डीग जिला एवं भरतपुर जिले की बयाना, रुपवास, सेवर, नदबई, वैर तहसील के गांवों को पहले से ही ब्रज क्षेत्रीय विकास योजना में शामिल किया गया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए संकल्पबद्ध है। इसी दिशा में कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क स्कूल यूनिफॉर्म के लिए प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) योजना शुरू की है। हमारा संकल्प है कि विद्यार्थियों में पढ़ने की बुनियादी क्षमता विकसित होने के साथ ही अध्ययन संस्कृति को बढ़ावा मिले और विद्यालयों में सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण तैयार हो।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सबका साथ-सबका विकास के मूलमंत्र को आत्मसात करते हुए राज्य सरकार प्रदेश के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। हमारी सरकार केवल घोषणाएं ही नहीं करती, बल्कि समयबद्ध ढंग से उन्हें धरातल पर उतारने का कार्य करती है और यही हमारी कार्य संस्कृति का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। राज्य सरकार द्वारा ढाई वर्षों में एक लाख 78 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। वहीं, 1 लाख 32 हजार से अधिक पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन व 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं को पूर्ण पारदर्शिता के साथ संचालित किया है तथा पेपर लीक माफिया के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित