जयपुर , अगस्त 02 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उदयपुर जिले में झाड़ोल के बीड़ा गांव में रविवार को सुबह की सैर की और ग्रामीणों से संवाद किया।

श्री शर्मा ने गांव में ग्राम विकास चौपाल कार्यक्रम में भाग लेने के बाद रात्रि विश्राम गांव में ही किया और सुबह गांव की सैर की। इस दौरान उन्होंने गांव की गलियों में पैदल जाकर महिलाओं, बुजुर्गों एवं किसानों से संवाद किया तथा बच्चों को दुलारा और चॉकलेट वितरित की।

मुख्यमंत्री ने श्री आवरा माता मंदिर में दर्शन किए, ग्रामीणों के साथ चाय पर चर्चा एवं पौधारोपण किया। इस दौरान ग्रामीणों की मांग पर मुख्यमंत्री ने जल निकासी की समुचित व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए तथा ग्रामीणों को स्वच्छता के लिए प्रेरित किया ।

इस अवसर पर जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, राजस्व मंत्री हेमंत मीणा तथा अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित