बांसवाड़ा , अक्टूबर 18 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को बांसवाड़ा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर उन्हें पंचायत चुनाव में जीत का मंत्र दिया।
इस अवसर पर श्री शर्मा ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे निकाय चुनावों में मिली प्रचंड जीत की ऊर्जा के साथ पंचायत चुनावों में जुट जाये। उन्होंने कहा कि अब पंचायत चुनाव के जरिए ग्रामीण राजस्थान में सुशासन, विकास और अंत्योदय के संकल्प को और मजबूत करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क करने, आमजन की आकांक्षाओं को समझने तथा पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा केवल चुनाव के समय सक्रिय रहने वाली पार्टी नहीं है, बल्कि यह वर्षभर जनता के बीच रहकर उनके सुख-दुख में साथ निभाने वाले कार्यकर्ताओं का संगठन है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश को समृद्ध और सशक्त बनाने के संकल्प के अनुरूप राज्य सरकार राजस्थान के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इसी का परिणाम है कि प्रदेश में भाजपा ने 204 निकायों में बोर्ड बनाकर ऐतिहासिक सफलता हासिल की है।
उन्होंने कहा कि जयपुर सहित प्रदेश के 10 बड़े नगर निगमों में से नौ में भाजपा के महापौर बने हैं। वहीं, बांसवाड़ा के तीन में से दो निकायों में भाजपा का बोर्ड बना है, जबकि डूंगरपुर के दोनों निकायों में भाजपा ने जीत दर्ज की है।
उन्होंने ग्राम विकास संकल्प पत्र-2026 का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार गांवों को सुविधा सम्पन्न और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। आगामी पांच वर्षों में प्रत्येक ग्राम पंचायत में औसतन पांच करोड़ रुपये के विकास कार्य कराने, 19 हजार किलोमीटर मिसिंग-लिंक सड़कों के निर्माण के लिए नौ हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च करने तथा ग्रामीण परिवारों तक नियमित और शुद्ध पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य ग्रामीण विकास को नई दिशा देगा। युवाओं के लिए अटल ज्ञान केंद्र, किसानों के लिए ग्राम सेवा सहकारी समिति, इंटरनेट सुविधा, पात्र परिवारों को पक्के आवास, नए पट्टे एवं स्वामित्व कार्ड, सामुदायिक स्थलों पर सोलर लाइट, आपातकालीन सेवा युक्त स्वास्थ्य केंद्र, खेल मैदान, ओपन जिम और जिला मुख्यालयों तक नियमित बस सेवाओं की व्यवस्था का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम विकास संकल्प पत्र में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत वार्षिक सहायता बढ़ाकर 12 हजार रुपये करने, समर्थन मूल्य पर गेंहू की खरीद दो हजार 700 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करने, राजस्थान एग्रीकल्चर एक्सीलेटर मिशन शुरू करने तथा 150 करोड़ रुपये का पेस्ट कंट्रोल फंड बनाने जैसे प्रावधान शामिल हैं। वहीं, सिंचाई के लिए दिन में थ्री-फेज बिजली आपूर्ति, 20 हजार नई डेयरी सहकारी समितियों की स्थापना और पांच लाख अतिरिक्त पशुधन किसान क्रेडिट कार्ड जारी करने का लक्ष्य रखा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित