कोटा , सितंबर 29 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश एवं प्रदेश में विकास के नये आयाम स्थापित हो रहे हैं और राज्य सरकार ने अपने संकल्प पत्र के 78 प्रतिशत वादों को पौने तीन वर्ष में ही पूरा कर लिया है तथा जनता से किये गये संकल्पों को समय से धरातल पर उतारा गया है, जिसके सकारात्मक परिणाम निकाय चुनाव में देखने को मिले हैं।

श्री शर्मा ने आज आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कोटा की सभी नगर निकायों में भाजपा की जीत के लिए महापौर, उपमहापौर, पार्षदों तथा पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को बधाई दी और कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की मजबूती और जनता से निरंतर जुड़ाव का परिणाम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आगामी पंचायत राज चुनावों में इसी ऊर्जा और ताकत के जुटें तथा भाजपा को विजयी बनाएं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देशभर में 10 बड़े अंतरराज्यीय जल समझौतें हुए हैं, जिनमें से चार समझौतों से राजस्थान लाभांवित हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 1 लाख करोड़ रुपये की लागत से रामजल सेतु परियोजना पर कार्य हो रहा है, जिसमें करीब 41 हजार करोड़ रुपये के कार्य प्रगतिरत हैं। इसी प्रकार यमुना जल समझौता, नर्मदा जल समझौता और किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना से प्रदेश की बड़ी आबादी को पानी मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

इससे पहले मुख्यमंत्री के कोटा आगमन पर जगह-जगह कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने भी कार्यकर्ताओं से बड़ी आत्मीयता के साथ भेंट कर उनका अभिवादन स्वीकार किया। सम्मान समारोह के दौरान शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर, विधायक संदीप शर्मा एवं कल्पना देवी, महापौर अनुसुईया गोस्वामी, उपमहापौर विवेक राजवंशी, जिला प्रभारी प्रमोद सावर, जिलाध्यक्ष राकेश जैन सहित संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित