धौलपुर , जुलाई 28 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सबका साथ-सबका विकास के मूलमंत्र को आत्मसात कर राज्य सरकार प्रदेश का चहुंमुखी विकास कर रही है और इसके लिए किसान, महिला, युवा, मजदूर सहित प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए योजनाएं बनायी गयी हैं तथा उन्हें प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।

श्री शर्मा मंगलवार को धौलपुर के राजाखेड़ा की फूलपुर ग्राम पंचायत में लोकार्पण-शिलान्यास समारोह एवं जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने लगभग 177 करोड़ रुपये के 17 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। जिसमें 155 करोड़ रुपये से अधिक लागत के कार्यों का लोकार्पण तथा 21 करोड़ रुपये से अधिक लागत के कार्यों का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार धौलपुर जिले के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। गत ढाई साल में धौलपुर जिले में लगभग दो हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाये गये हैं। राज्य सरकार प्रदेश की जनता को पानी, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, रोजगार सहित सभी मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवा रही है। किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए पीएम किसान सम्मान निधि के साथ ही तीन हजार रुपये अतिरिक्त देने का काम किया है वहीं आज किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ मिल रहा है। साथ ही 26 जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध करवायी जा रही है। सरकार के प्रयासों से रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, आईजीएनपी, गंगनहर, देवास, सोम कमला अंबा, माही बांध जैसी विभिन्न परियोजनाओं के जरिए प्रदेश को जल आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाये जा रहे हैं।

श्री शर्मा ने कहा कि उनकी सरकार युवाओं के बेहतर भविष्य की राह प्रशस्त कर रही है। सिर्फ ढाई वर्ष में ही एक लाख 78 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी की सौगात मिली है वहीं एक लाख 32 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है तथा 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की तैयारी की जा रही है। साथ ही, निजी क्षेत्र में भी साढ़े चार लाख रोजगार के अवसर सृजित किये गये हैं।

इस अवसर पर गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में विकसित राजस्थान का संकल्प साकार हो रहा है। अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति को सशक्त एवं समृद्ध करने का काम विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से किया जा रहा है। साथ ही महिलाओं, युवाओं सहित प्रत्येक वर्ग के सपनों को साकार किया जा रहा है। प्रदेश की कानून-व्यवस्था को भी सुदृढ़ बनाया गया है।

इस मौके मुख्यमंत्री ने धौलपुर जिले के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं की जिनमें फुलपुर के खेल मैदान में ढाई करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य, 15 करोड़ रुपये की लागत से राजाखेड़ा में मिसिंग लिंक सड़कों का निर्माण, पार्वती नदी पर 15 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण, राजाखेड़ा में कृषि उपज मंडी के लिए 37 बीघा भूमि का आवंटन, रहनावाली और लाठवाली माता मंदिरों का 10 करोड़ रुपये की लागत से जीर्णाेद्धार , सैंपऊ के कौलारी में नया आयुर्वेद औषधालय, पार्वती बांध से सैंपऊ तक जाने वाली नहर के दोनों तरफ पानी निकासी की समुचित व्यवस्था, बसेड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बेड संख्या एवं सुविधा विस्तार एवं सलेमपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र शामिल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित