उदयपुर , जून 21 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को उदयपुर की महत्वाकांक्षी देवास-तृतीय एवं चतुर्थ पेयजल परियोजना का हवाई निरीक्षण किया।

श्री शर्मा ने इस दौरान निर्माणाधीन देवास-तृतीय एवं देवास-चतुर्थ बांधों के डैम एक्सिस तथा टनल-तृतीय के विभिन्न निर्माण स्थलों एवं कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने हवाई निरीक्षण के दौरान परियोजना की वर्तमान प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना के संबंध में विस्तृत चर्चा की। इसके साथ ही,उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना के सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता एवं पूर्ण सुरक्षा मानकों के अनुरूप तेज गति से पूर्ण किए जाएं, जिससे उदयपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों की वर्तमान एवं भविष्य की पेयजल आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

इस अवसर पर वरिष्ठ प्रशासनिक एवं तकनीकी अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को परियोजना के तहत बांध निर्माण, टनल निर्माण, अन्य प्रमुख निर्माण कार्यों एवं पुनर्वास संबंधी विभिन्न कार्यों की प्रगति से अवगत कराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित