जयपुर , अप्रैल 08 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर मेट्रो फेज-द्वितीय एवं पचपदरा रिफाइनरी की संशोधित लागत को मंजूरी पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया हैं।
श्री मोदी के नेतृत्व में केन्द्रीय मंत्रिमंडल द्वारा जयपुर मेट्रो फेज-द्वितीय एवं आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति द्वारा पचपदरा रिफाइनरी की संशोधित लागत को मंजूरी दी गई है।
इस पर श्री शर्मा ने कहा कि जयपुर मेट्रो फेज-2 के तहत प्रहलादपुरा से टोडी मोड़ तक 41 किलोमीटर लंबा उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कॉरिडोर सीतापुरा से लेकर वीकेआईए तक के औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्रों को जोड़ते हुए यह जयपुर की जीवनरेखा के रूप में कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक कदम से जयपुर के शहरी विकास को नई दिशा मिलेगी तथा आमजन को सुरक्षित एवं सुगम परिवहन सुविधा भी उपलब्ध हो सकेगी।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल के द्वारा जयपुर मेट्रो फेज-2 को मंजूरी दी गई है। इस कॉरिडोर में कुल 36 स्टेशन होंगे और परियोजना की कुल लागत 13037.66 करोड़ है। इस परियोजना का क्रियान्वयन राजस्थान मेट्रो रेल कॉर्पाेशन लिमिटेड द्वारा किया जाएगा, जो भारत सरकार और राजस्थान सरकार की 50:50 साझेदारी वाली संयुक्त कंपनी है।
यह फेज-2 कॉरिडोर सीतापुरा इंडस्ट्रियल एरिया, वीकेआईए, जयपुर एयरपोर्ट, टोंक रोड, एसएमएस अस्पताल और स्टेडियम, अंबाबाड़ी तथा विद्याधर नगर जैसे प्रमुख क्षेत्रों को निर्बाध कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। इसमें एयरपोर्ट क्षेत्र में भूमिगत स्टेशन भी शामिल होंगे जिससे शहर में एकीकृत और निरंतर मेट्रो नेटवर्क सुनिश्चित होगा।
जयपुर में फेज-प्रथम के तहत ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर पर मानसरोवर से बड़ी चौपड़ तक 11.64 किलोमीटर लंबी मेट्रो सेवा संचालित है, जिसमें 11 स्टेशन हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित