जयपुर , सितंबर 11 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को जयपुर नगर निगम चुनाव 2026 के लिए अपना मतदान किया।
श्री शर्मा ने एनडब्ल्यूआर ऑफिस के पास स्थित नवोदय शिक्षक प्रशिक्षण कॉलेज (गेटोर, जगतपुरा) में स्थित मतदान केन्द्र पहुंचकर सपरिवार मतदान किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण पर्व में अपनी भागीदारी निभाते हुए बढ़-चढ़कर मतदान करें।
मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में मतदाताओं का आह्वान करते हुए कहा कि लोकतंत्र के पर्व में एक एक मत का महत्व होता हैं और वह अपना वोट देकर शहरी निकाय को पूर्ण रुप से चुने ताकि विकास हो सके। उन्होंने कहा कि पिछले कांग्रेस के शासन में लगातार दो साल निकाय एवं लगातार दो साल पंचायत चुनाव होते रहे जिससे जनता की कमाई का पैसा लगता रहा है और लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा क्योंकि चुनाव के कारण हर तीन महीने में आचार संहिता लग जाती थी और विकास रुक जाता था।
उन्होंने कहा कि हम सरकार में आने के बाद कहा था कि इस समस्या के लोगों को निजात दिलाने के लिए एक राज्य एक चुनाव लेकर आयेंगे और इस संकल्प को पूरा भी किया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लगातार आगे बढ़ रहा हैं जबकि कांग्रेस जनता को बरगलाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय लोग पूरे पांच साल परेशान रहे जबकि आज लोग सुखद अनुभव कर रहे हैं क्योंकि दो महीनों में चुनाव हो जायेंगे और इसके बाद विकास के काम होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित