जयपुर , नवम्बर 02 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने झुंझुनूं जिले की उदयपुरवाटी तहसील के छापोली गांवमें सड़क निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों के विद्युत लाइन की चपेट में आने से हुए हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

श्री शर्मा ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के प्रति संवेदना व्यक्त की तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।मुख्यमंत्री ने घटना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला कलेक्टर से दूरभाष पर हादसे की विस्तृत एवं तथ्यात्मक जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों के उपचार में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रखी जाए। साथ ही घायल श्रमिकों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य की निरंतर निगरानी रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि घटना के प्रत्येक पहलू की गंभीरता से जांच की जाए, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सके। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार नगरीय विकास राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा प्रभावितों को शीघ्र राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। इस दौरान संबंधित विभागों के उच्च अधिकारी भी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित