अजमेर , जुलाई 11 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने और अगली पीढ़ी के लिए मजबूत बुनियादी ढांचे के निर्माण को लेकर प्रतिबद्धता जताते हुए कहा है कि हमारी 'डबल इंजन' सरकार धरातल पर काम कर आमजन के जीवन को सुगम बना रही है।
श्री शर्मा शनिवार को अजमेर के केकड़ी में आयोजित लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि रोडमैप बनाकर पानी, बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं, जिसका असर धरातल पर दिख रहा है।
उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 33 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से लगभग 49 हजार किलोमीटर लंबी सड़कों का विकास कराया गया है। साथ ही 18 हजार किलोमीटर लंबी नई सड़कों का निर्माण हुआ है। इसके अलावा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत तीन हजार किलोमीटर से अधिक लंबी सड़कों के उन्नयन, सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण के कार्य हुए हैं। वहीं, रेल नेटवर्क को विकसित करने के साथ ही नए एयरपोर्ट्स के जरिये प्रदेश विकास की नयी उड़ान भर रहा है।
उन्होंने कहा कि पानी प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता है। राज्य सरकार ने प्रमुख जल परियोजनाओं पर फोकस करते हुए हर व्यक्ति तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य तय किया। इसी क्रम में राम जलसेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, देवास परियोजना जैसे कई प्रोजेक्ट्स पर प्रमुखता से कार्य करके दिखाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में चार प्रमुख जातियों किसान, मजदूर, महिला और युवा का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो रहा है। प्रदेश में किसान सम्मान निधि की राशि को छह हजार से बढ़ाकर नौ हजार रुपये किया, जिसे आने वाले समय में 12 हजार रुपये प्रतिवर्ष किया जाएगा। किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध करवाने के साथ ही बिलों में अनुदान दे रहे है। उन्होंने कहा कि राजस्थान सहकारी गोपाल क्रेडिट कार्ड ऋण योजना के जरिये पशुपालकों को एक लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण मिल रहा है। इसी प्रकार मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के माध्यम से 22 लाख से अधिक बीमा पॉलिसी की जा चुकी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित