जयपुर , मार्च 12 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को यहां ऑल इंडिया ऑप्थल्मोलॉजिकल सोसाइटी की 84वीं वार्षिक कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ किया।
जेईसीसी सीतापुरा में आयोजित इस कांफ्रेंस का शुभारंभ पर श्री शर्मा ने कहा कि इस कॉन्फ्रेंस की वैज्ञानिक चर्चाएं, शोध एवं नवाचार लाखों लोगों के जीवन में उजाला लाने का माध्यम बनेंगे। इसी प्रकार राज्य सरकार भी मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत जरूरतमंद नागरिकों को नेत्र रोग संबंधी निशुल्क उपचार उपलब्ध करवा रही है वहीं स्कूल आई-स्क्रीनिंग कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में दृष्टि दोष की पहचान एवं उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है।
श्री शर्मा ने डॉ. तारा प्रसाद दास एवं डॉ. एस नटराजन को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने "स्वस्थ आंखें, सुखी जीवन" का संदेश देने वाली खट्टे फल की प्रदर्शनी देखी। इस अवसर पर डॉ पार्थ बिस्वास, प्रोफेसर पीटर मैक्लुस्की, प्रोफेसर तेत्सुओ ओशिका सहित नेत्र रोग विशेषज्ञ मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि चार दिवसीय इस वार्षिक कॉन्फ्रेंस में देश-दुनिया के नेत्र रोग विशेषज्ञ आंखों से संबंधित रोगों, नवीनतम तकनीकों, रिसर्च एवं सर्जरी के नए तरीकों पर मंथन करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित