उदयपुर , अगस्त 01 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को उदयपुर के दूध तलाई वन परिक्षेत्र में चंदन का पौधारोपण कर 'चंदन वन' की स्थापना की तथा राज्य स्तरीय वन महोत्सव का शुभारम्भ किया।

इस अवसर पर श्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश को हरित और समृद्ध बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। इस मौके उन्होंने चंदन पेड़, वन एवं वन उपज तथा 'पंच गौरव' पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

इसके बाद उन्होंने ड्रोन सीडिंग प्रक्रिया का शुभारम्भ किया और वॉच टावर से दूरबीन के जरिए वन क्षेत्र का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने इसके बाद उदयपुर शहर के बाजार में पैदल चलकर आमजन से मुलाकात की और बच्चों को दुलार किया।

इस दौरान जनजातीय क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, वन राज्यमंत्री संजय शर्मा, सांसद, विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित