बारां , मई 11 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का 15 एवं 16 मई को बारां जिले का प्रस्तावित दौरा तय माना जा रहा है।
आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को बताया कि प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार श्री शर्मा के किशनगंज उपखण्ड क्षेत्र के दांता, बांसथूनी अथवा शुभधरा गांव में रात्रि चौपाल में शामिल होने की संभावना है।
विधायक ललित मीणा ने बताया कि अधिकृत तौर पर सूचना तो नहीं है मगर दौरा प्रस्तावित है। इसे अंतिम रूप दिया जा रहा है। यहां वे आमजन से संवाद करके विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा भी कर सकते हैं। उधर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महामंत्री राकेश जैन ने बताया कि प्रशासनिक तौर पर जानकारी संभव है, पार्टी स्तर पर सूचना नहीं आई है।
दूसरी ओर मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सजग हो गया है। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा दौरा स्थलों का निरीक्षण करके तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री इन दिनों राज्यभर में रात्रि चौपाल कार्यक्रमों के माध्यम से सीधे ग्रामीणों से संवाद कर रहे हैं और सरकार की योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने का प्रयास कर रहे हैं। इसी क्रम में बारां जिले का यह दौरा भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित