जयपुर , मार्च 20 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर राज्य के शहरी क्षेत्रों में उपयोगिता कार्यों के कारण प्रभावित सड़कों के मरम्मत कार्य किये गये हैं।

इसके तहत प्रदेशभर के लगभग एक हजार से अधिक स्थानों पर सड़कों को क्रॉस करने वाले रोड कट एवं सड़कों की लम्बाई के सीवरेज एवं पेयजल लाइन से प्रभावित समानांतर सड़कों की मरम्मत कर आमजन को राहत प्रदान की गई है।

सुगम एवं सुरक्षित सड़कों के मरम्मत एवं संधारण के लिए अजमेर, जयपुर, जोधपुर, हनुमानगढ़, अलवर, जालोर, सीकर, सिरोही, झालावाड़ एवं सलूम्बर सहित कई जिलों में व्यापक स्तर पर ये कार्य पूरे किए गए हैं। उल्लेखनीय है कि श्री शर्मा ने गुरुवार को पीडब्ल्यूडी, यूडीएच, डीएलबी आदि विभागों को यूटिलिटी कार्यों बिजली, जल, दूरसंचार आदि के कारण सड़कों पर उत्पन्न रोड कट्स को प्राथमिकता से दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे। उपयोगिता लाईनों के कार्यों से प्रभावित सड़कों को पुनः सुचारू एवं बेहतर स्थिति में लाने के लिए इसकी सतत निगरानी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित