जयपुर , मई 29 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भीषण गर्मी एवं लू के दौर के मद्देनजर प्रदेशवासियों से सावधानी बरतने एवं तेज धूप में बाहर जाने से बचने की फिर अपील की है।
श्री शर्मा ने शुक्रवार को कहा, "प्रदेश में नौतपा के कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है और भीषण गर्मी पड़ रही है। ऐसे समय में सभी से सावधानी बरतने, खूब पानी एवं तरल पदार्थों का सेवन करने और तेज धूप में बाहर जाने से बचने की अपील करता हूं।" उन्होंने कहा कि इस समय बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हमारी सेवा और संवेदनशीलता की संस्कृति को निभाते हुए राहगीरों के लिए ठंडे पानी की प्याऊ लगायें और बेजुबान पशु-पक्षियों के लिए भी अपनी छत या आंगन में दाने-पानी की व्यवस्था जरूर करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सजगता ही इस गर्मी में सबसे बड़ी सुरक्षा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित