जयपुर , जुलाई 07 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को केंद्रीय ऊर्जा तथा आवास एवं शहरी मामलात मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी से मुलाकात की।
यहां जारी सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार श्री शर्मा ने नयी दिल्ली में इन दोनों केन्द्रीय मंत्रियों से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान श्री शर्मा की श्री खट्टर के साथ राजस्थान में ऊर्जा, आवास एवं शहरी विकास सहित विभिन्न विषयों पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार जताया। श्री शर्मा ने श्री जोशी के साथ शिष्टाचार मुलाकात के बाद ऊर्जा मंत्रालय की महत्वपूर्ण बैठक में भाग लिया। इस दौरान राजस्थान में नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में संचालित योजनाओं, आगामी विकास परियोजनाओं और प्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किये जा रहे प्रयासों पर चर्चा हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित