जयपुर, दिसम्बर 13 -- राजस्थान के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि गत दो वर्षों में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में विकास हुआ है और यह विकास श्री गहलोत को पच नहीं रहा है, इसलिए वह गलत तथ्यों पर आधारित बयान जारी कर प्रदेश की जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे है।

श्री बेढ़म ने शनिवार को अपने बयान में कहा कि श्री गहलोत ने एनसीआरबी के आंकड़े नहीं देखे हैं। क्योंकि इनके शासन में प्रदेश में जंगलराज था और हमारी सरकार के दो वर्षों में सभी प्रकार के अपराधों में लगभग 13 प्रतिशत की कमी आई है। प्रदेश में उद्योग स्थापित हुए हैं और राइजिंग राजस्थान में 35 लाख करोड़ रूपए के एमओयू किए हैं। 92 हजार लोगों को सरकारी नौकरियां दी हैं।

उन्होंने कहा है कि हमारी सरकार में देश विदेश के प्रवासी राजस्थानियों को आमंत्रित कर प्रवासी राजस्थानी दिवस का आयोजन किया। जिससे प्रदेश के विकास को गति मिलेगी। श्री गहलोत को सकारात्मक राजनीति करनी चाहिए। उन्हें सोशल मीडिया और अखबारों में भ्रामक जानकारी देना शोभा नहीं देता। कांग्रेस वैसे भी अप्रासंगिक हो रही है और लोग कांग्रेस को पसंद नहीं करते।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित