श्रीगंगानगर , सितंबर 27 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यकर्ताओं के परिश्रम, समर्पण और निष्ठा से संगठन का निरंतर मजबूत होना बताते हुए उनसे गांव-गांव और ढाणी-ढाणी जनसंपर्क कर प्रत्येक बूथ और वार्ड को मजबूत करते हुए ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद स्तर पर 'ट्रिपल इंजन' सरकार बनाने का आह्वान किया हैं।
श्री शर्मा ने रविवार को श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ में आगामी पंचायतीराज चुनावों को लेकर भाजपा कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर उन्होंने युवाओं, महिलाओं और नए मतदाताओं के साथ विशेष संवाद तथा प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया के अधिक से अधिक उपयोग पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश विकास के नए सोपान रच रहा है। साथ ही, भाजपा का संगठन भी लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हुए निकाय चुनावों में जनता ने भाजपा के विकास और सुशासन पर एक बार फिर विश्वास की मुहर लगाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निकाय चुनावों में भाजपा ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। प्रदेश के 309 नगरीय निकायों में से 202 में भाजपा के बोर्ड बने हैं। 10 नगर निगमों में से 9 में भाजपा के महापौर निर्वाचित हुए हैं। वहीं 30 नगर परिषदों और 163 नगर पालिकाओं में भाजपा के निकाय प्रमुख चुने गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 9 जिलों में कांग्रेस अपना खाता तक नहीं खोल सकी वहीं, श्रीगंगानगर, अनूपगढ़, रायसिंहनगर, पदमपुर, श्रीकरणपुर और सूरतगढ़ सहित छह स्थानों पर भाजपा के बोर्ड बने हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में गांव, गरीब, महिला, युवा और किसान के हित में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। सरकार वर्षों से लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कर रही है तथा सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा को शासन की पहचान बनाया है। रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल और किशाऊ जल समझौते के माध्यम से प्रदेश में सिंचाई एवं पेयजल की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत 15 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल से जल उपलब्ध कराया गया है। बिजली उत्पादन क्षमता में 10 हजार मेगावाट से अधिक की वृद्धि हुई है। राइजिंग राजस्थान के तहत निवेश परियोजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। युवाओं के लिए एक लाख 90 हजार पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि एक लाख 22 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित