जयपुर , जुलाई 04 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजस्थान को विकास की महत्वपूर्ण सौगातें प्रदान करने पर आभार व्यक्त किया है।
इस अवसर पर श्री शर्मा ने कहा कि श्री मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्र सरकार के सहयोग से राजस्थान तेज गति से विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से प्रदेश की अर्थव्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा आमजन को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में राजस्थान आने वाले वर्षों में विकास, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में नयी ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा।
श्री राठौड़ ने कहा कि श्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व एवं विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप राजस्थान को निरंतर नयी विकास परियोजनाओं का लाभ मिल रहा है। इससे प्रदेश के औद्योगिक, आधारभूत एवं आर्थिक विकास को नयी गति मिलेगी तथा लाखों युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में राजस्थान को लगातार विकास कार्यों में प्राथमिकता मिल रही है। इन परियोजनाओं से प्रदेश की औद्योगिक क्षमता बढ़ेगी, आधुनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा पर्यटन, व्यापार और निवेश को नया प्रोत्साहन प्राप्त होगा। उन्होंने राजस्थान रिफाइनरी परियोजना, जयपुर मेट्रो के द्वितीय चरण तथा जोधपुर एयरपोर्ट के विकास एवं विस्तार के लिए केंद्र सरकार एवं श्री मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से प्रदेश की प्रगति के नये आयाम स्थापित होंगे।
भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि श्री मोदी के कार्यक्रम को सभी जिलों में लाइव प्रसारण किया गया। इस दौरान जिलों के प्रभारी मंत्रियों के साथ प्रभारी संगठन पदाधिकारियों, जिला कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रमों को लाइव श्रवण किया। जिला मुख्यालयों पर आयोजित कार्यक्रमों में जिला प्रभारी मंत्रियों ने युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित