जयपुर , जुलाई 31 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एक और दो अगस्त को उदयपुर तथा राजसमंद जिले के दौरे पर रहेंगे।

कार्यक्रम के अनुसार इस दौरान मुख्यमंत्री पर्यावरण संरक्षण, युवा जागरूकता, ग्रामीण विकास तथा विभिन्न विकास परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वह विभिन्न जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन से संवाद कर विकास कार्यों की समीक्षा भी करेंगे।

श्री शर्मा एक अगस्त को उदयपुर के दूध तलाई (पिछोला) में आयोजित राज्य स्तरीय वन महोत्सव शुभारंभ समारोह में भाग लेंगे। इस अवसर पर वे चंदनवन में पौधारोपण करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री झाड़ोल क्षेत्र के बीड़ा गांव में ग्राम विकास चौपाल में भाग लेंगे। उल्लेखनीय है कि इससे पहले मुख्यमंत्री द्वारा 9 ग्राम विकास चौपाल की जा चुकी हैं। चौपालों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं, विकास योजनाओं की प्रगति तथा जनसमस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री दो अगस्त को उदयपुर के राजस्थान कृषि महाविद्यालय में नारी शक्ति रैली को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। मुख्यमंत्री इसके पश्चात प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित 'नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' के शुभारंभ कार्यक्रम में वीसी के माध्यम से शामिल होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित