जयपुर , मई 30 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, नेता प्रतिपक्ष टीकराम जूली एवं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई नेताओं ने हिन्दी पत्रकारिता दिवस पर पत्रकारों एवं प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
इस अवसर पर श्री शर्मा ने कहा कि हिन्दी पत्रकारिता ने सदैव समाज की आवाज बनकर जनभावनाओं को अभिव्यक्ति दी है तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने सभी पत्रकार साथियों के समर्पण, साहस और सतत परिश्रम को अभिनंदन किया।
श्री देवनानी ने समाज को जागरुक, देश के विकास एवं लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करने वाले सभी पत्रकार बंधुओं को हिन्दी पत्रकारिता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वाधीनता आंदोलन से लेकर वर्तमान समय तक राष्ट्र निर्माण में हिंदी पत्रकारिता का अभूतपूर्व योगदान रहा है।
श्री गहलोत ने कहा कि लगभग 200 वर्ष पहले उदंत मार्तंड से शुरू हुई हिंदी पत्रकारिता ने लंबा सफर तय किया है। इस दौरान अनेक मूर्धन्य पत्रकारो ने जन-जन के मुद्दे उठाने और राष्ट्रीय चेतना को जागृत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिनमें अनेक स्वतंत्रता सेनानी भी थे।
उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाते हुए हिंदी पत्रकारिता डिजिटल और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के दौर में भी निरंतर स्वयं को नए रूप में ढाल रही है। तकनीक के बढ़ते प्रभाव के बीच पत्रकारिता के मूल सिद्धांत सत्य, निष्पक्षता तथा विश्वसनीयता और अधिक महत्वपूर्ण हो गए हैं। उन्होंने कहा "मुझे विश्वास है कि हिंदी पत्रकारिता लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए आमजन को सही राह दिखाती रहेगी।"इसी तरह भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डॉ प्रेम चंद बैरवा सहित अन्य कई नेताओं ने हिन्दी पत्रकारिता दिवस की पत्रकारों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित