छिंदवाड़ा , सितंबर 08 -- मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा शहर में मानसरोवर कॉम्प्लेक्स के सामने मेजर अमित ठेंगे चौक पर मंगलवार दोपहर भगवा ध्वज उतारने को लेकर विवाद हो गया। नगर निगम के कर्मचारी हाईमास्क पर लगे भगवा ध्वज को हटाने पहुंचे थे। कर्मचारियों द्वारा ध्वज हटाने की कार्रवाई शुरू करते ही आसपास के दुकानदारों और युवाओं ने विरोध किया। बाद में विश्व हिंदू परिषद सहित अन्य हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और नारेबाजी शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नगर निगम कर्मचारियों से ध्वज हटाने का कारण पूछने पर उन्होंने प्रशासन के निर्देश का हवाला देते हुए चौक-चौराहों से पताकाएं हटाने की बात कही। इस पर युवाओं का विरोध बढ़ गया। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम की कार्रवाई के विरोध में सड़क के एक हिस्से पर आवागमन रोक दिया, जिससे कुछ देर यातायात प्रभावित रहा।

माहौल बिगड़ने की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांत रहने और सड़क से हटने की अपील की। ध्वज हटाने को लेकर करीब आधे घंटे तक मौके पर गहमागहमी बनी रही। प्रदर्शनकारी प्रशासनिक आदेश पर सवाल उठाते हुए ध्वज नहीं हटाने की मांग कर रहे थे।

मामले की जानकारी मिलने पर नगर निगम आयुक्त सीपी राय भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत के बाद स्थिति सामान्य हुई। विरोध के बाद भगवा ध्वज को यथास्थान रखे जाने की बात सामने आई, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया और यातायात सामान्य हो गया। चौक-चौराहों से पताकाएं हटाने के प्रशासनिक निर्देश और उसके आधार को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले को लेकर शहर में दिनभर चर्चा बनी रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित