जालंधर , अक्टूबर 12 -- भगवान वाल्मीकि महाराज के प्रकटोत्सव के अवसर पर 23 अक्टूबर को पंजाब में जालंधर के बस्तियात क्षेत्र में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसकी तैयारियों की समीक्षा के लिए सोमवार को कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत, उपायुक्त वरजीत वालिया और पंजाब राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन चंदन ग्रेवाल ने जिला प्रशासनिक परिसर में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक की।

श्री भगत ने कहा कि शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा, वाहनों की पार्किंग, यातायात के वैकल्पिक मार्ग, साफ-सफाई, सजावट, चिकित्सा दलों की तैनाती और निर्बाध बिजली आपूर्ति सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने लोगों से भगवान वाल्मीकि महाराज के प्रकटोत्सव कार्यक्रमों में श्रद्धापूर्वक बढ़-चढ़कर भाग लेने और उनके दिखाए सत्य, सदाचार, मानवता तथा नैतिकता के मार्ग पर चलने की अपील की।

उपायुक्त वरजीत वालिया ने कहा कि जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं और तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आयोजन के दौरान व्यवस्थाओं में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। पंजाब राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन चंदन ग्रेवाल ने प्रकटोत्सव के आयोजन में धार्मिक और सामाजिक संगठनों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि संगठनों और प्रशासन के आपसी सहयोग से शोभायात्रा तथा अन्य कार्यक्रम श्रद्धा और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाए जाएंगे।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अमनिंदर कौर, पंजाब अनुसूचित जाति विकास बोर्ड के चेयरमैन अजय पाल वाल्मीकि, डीसीपी परमिंदर सिंह हीर, एसडीएम शायरी मल्होत्रा, नगर निगम के अधिकारी और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित