उज्जैन , फरवरी 21 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर में दो आरती पर सशुल्क व्यवस्था लागू करने के बाद सैंकड़ो लोगों ने कतारबद्ध होकर सुगमता से दर्शन किए।

इसी बीच कांग्रेस ने इस व्यवस्था का विरोध करते हुये आरोप लगाया कि महाकालेश्वर मंदिर का व्यवसायीकरण किया जा रहा है।

श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से श्रद्धालुओं को अधिक सुविधा प्रदान करने एवं भीड़ प्रबंधन को सुव्यवस्थित बनाए रखने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए संध्या एवं शयन आरती की ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था प्रारंभ की गई है। महाकालेश्वर मंदिर में संध्या आरती एवं शयन आरती के लिए 250 रूपए सशुल्क दर्शन की व्यवस्था 20 फरवरी से लागू की गई है। उज्जैन शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी ने जारी विज्ञप्ति में इस व्यवस्था का कड़ा विरोध किया और आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी मंदिर में दर्शन को आय का साधन बना रही है और भाजपा सरकार मंदिर को व्यापार व्यवसाय का केंद्र बना रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित