नयी दिल्ली , नवंबर 10 -- अरुणाचल प्रदेश के बोमडिला स्थित थुबचोग गत्सेल लिंग (टीजीएल) मठ में भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी के शुरुआती दो दिनों में 11,969 श्रद्धालुओं ने दर्शन कर प्रार्थना कर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।

संस्कृति मंत्रालय ने मंगलवार को यहां जारी सूचना में कहा कि इस प्रदर्शनी का आयोजन राष्ट्रीय संग्रहालय नयी दिल्ली, अरुणाचल प्रदेश सरकार और अंतरराष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ के सहयोग से किया जा रहा है। पवित्र अवशेषों के सार्वजनिक दर्शन 13 नवंबर तक जारी रहेंगे।

मंत्रालय के अनुसार, 11 नवंबर को पांच-कालाक्तांग विधानसभा क्षेत्र के श्रद्धालु और 12 नवंबर को छह-बुरागांव-थ्रिजिनो विधानसभा क्षेत्र के श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। फिर 13 नवंबर को अन्य जिलों के श्रद्धालुओं, सशस्त्र बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) के जवानों तथा निर्धारित दिनों में दर्शन नहीं कर सके लोगों को अवसर मिलेगा। सभी निर्धारित दिनों में दर्शन का समय सुबह साढ़े आठ बजे से शाम छह बजे तक रहेगा।

बोमडिला में प्रदर्शनी समाप्त होने के बाद पवित्र अवशेषों को 14 नवंबर को अगले पड़ाव नामसाई जिले के लिए रवाना किया जाएगा। वहां गोल्डन पैगोडा में 14 से 20 नवंबर तक श्रद्धालु पवित्र अवशेषों के दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद 21 नवंबर को अवशेषों को राष्ट्रीय संग्रहालय, नयी दिल्ली वापस लाया जाएगा।

मंत्रालय के अनुसार यह प्रदर्शनी भारत की समृद्ध बौद्ध विरासत और सभ्यतागत धरोहर के संरक्षण, संवर्धन और प्रदर्शन के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इसके माध्यम से श्रद्धालुओं को पवित्र बौद्ध विरासत से जुड़ने का अवसर देने के साथ सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को मजबूत करने तथा बौद्ध धर्म की शिक्षाओं और दर्शन में भारत के योगदान को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित