बारां , अप्रैल 18 -- राजस्थान में बारां में ब्राह्मण समाज द्वारा अपने आराध्य देव भगवान श्री परशुराम के प्राकट्य दिवस के उपलक्ष्य में शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
आयोजन को लेकर तैयारियां पूर्ण कर ली गयी हैं। इसी क्रम में आयोजन समिति के सदस्यों ने शहर सहित आसपास के गांवों में समाजजनों को शोभायात्रा में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
आयोजन समिति सदस्य राजेन्द्र शर्मा एवं सचिन सनाढ्य ने शनिवार को बताया कि कार्यक्रम संयोजक संजीव भारद्वाज, हरीश शर्मा, ऋषिवल्लभ शर्मा, कपिलदेव शर्मा, बृजेश गौत्तम, नीरजनयन शर्मा, हेमन्त शर्मा, धनराज शर्मा, गोविन्द शर्मा सहित अन्य सदस्यों ने शहर में घर-घर जाकर आमंत्रण पत्र वितरित किये। निकटवर्ती ग्रामों में ग्रामीणों को पीले चावल देकर शोभायात्रा में शामिल होने का आग्रह किया। महिला शक्ति ने भी इस अभियान में भागीदारी दी।
आयोजन समिति के अनुसार शोभायात्रा के दिन भगवान परशुराम की आकर्षक झांकियां, बैंड-बाजे, धार्मिक ध्वज एवं समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता आकर्षण का केंद्र रहेगी। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकलेगी, जहां जगह-जगह स्वागत एवं जलपान की व्यवस्था भी की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित