जयपुर , अप्रैल 23 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने भगवान परशुराम के आदर्श को आज भी प्रासंगिक बताते हुए गुरुवार को कहा कि उनका जीवन केवल किसी एक योद्धा की कथा नहीं, बल्कि एक आदर्श ब्राह्मण, गुरु और तपस्वी की प्रेरक गाथा है जो हमें अन्याय के खिलाफ खड़े होने और न्याय की स्थापना करने की प्रेरणा देता है।

श्री देवानी आज यहां भगवान परशुराम के जन्मोत्सव पर राजस्थान ब्राह्मण महासभा, जयपुर महानगर द्वारा आयोजित शोभा यात्रा में शामिल होकर अपने उद्बोधन में यह बात कही। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ बड़ी चौपड़ पर पूजा-अर्चना और महा आरती कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि भगवान परशुराम भारतीय सनातन परंपरा के विलक्षण व्यक्तित्व रहे। उनमें तेज, तप, त्याग और पराक्रम का अद्वितीय संगम था। श्री देवनानी ने कहा कि विश्व की वर्तमान परिस्थितियों और समय में भी भगवान परशुराम का जीवन और व्यक्तित्व अत्यंत प्रासंगिक है। वे हमें सिखाते हैं कि शक्ति का प्रयोग केवल न्याय की रक्षा के लिए होना चाहिए। उनका जीवन यह प्रेरणा देता है कि ज्ञान और शक्ति का संतुलन बनाए रखना आवश्यक है।

श्री देवनानी ने कहा कि इस प्रकार के भव्य आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से समाज में एकता, सद्भाव और समृद्ध परंपराओं के प्रति गौरव की भावना सुदृढ़ होती है। शोभायात्रा में भगवान परशुराम के जीवन प्रसंगों को दर्शाती 32 आकर्षक झांकियां, बैंड-बाजे, हाथी, ऊंट एवं घोड़ों का भव्य लवाजमा विशेष आकर्षण रहा। शोभा यात्रा जलेबी चौक से प्रारंभ होकर बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, बापू बाजार, चौड़ा रास्ता एवं त्रिपोलिया बाजार होते हुए छोटी चौपड़ पहुंची जहां कार्यक्रम का समापन हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित