हांसी/चंडीगढ़ , मई 02 -- हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम का जीवन और उनके उच्च आदर्श समाज में समरसता और भाईचारे को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
हांसी में नगर परिषद द्वारा स्थापित भगवान परशुराम द्वार के लोकार्पण अवसर पर उन्होंने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और विधायक विनोद भ्याणा के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। इसके बाद उन्होंने भगवान परशुराम सेवा समिति द्वारा आयोजित जन्मोत्सव एवं सम्मान समारोह में शिरकत की।
डॉ. शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम का जीवन सामाजिक समरसता, नैतिक मूल्यों, गुरुजनों और माता-पिता के सम्मान तथा पीड़ितों की सेवा के लिए समर्पित रहा। उनके विचार आज के समय में और अधिक प्रासंगिक हैं और युवाओं को उनसे प्रेरणा लेकर समाज उत्थान में योगदान देना चाहिए।
उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे बच्चों को संस्कारों से जोड़ें और महापुरुषों के आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित करें। साथ ही ब्राह्मण समाज के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि इस समाज ने देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
श्री शर्मा ने भगवान परशुराम भवन के निर्माण के लिए 21 लाख रुपये देने की घोषणा करते हुए कहा कि इससे संबंधित मांगों को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर देवेंद्र अत्रि, पुलिस अधिकारी डॉ. राजश्री और समिति प्रधान जगमोहन शर्मा सहित कई गणमान्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित