हरिद्वार , फरवरी 23 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन अभियान को तेज करते हुए सोमवार को व्यापक कार्रवाई की।
थाना भगवानपुर क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान सत्यापन न कराने वाले 12 मकान मालिकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए 83 पुलिस अधिनियम के तहत कुल 1,20,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अभियान गांव रायपुर व चौकी काली नदी क्षेत्र में प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में चलाया गया। इस दौरान घरेलू किरायेदारों, नौकरों, फड़-फेरी करने वालों तथा विभिन्न संस्थानों में कार्यरत मजदूरों का सत्यापन किया गया।
कार्रवाई के दौरान कुल 120 व्यक्तियों का सत्यापन किया गया, जबकि 12 मकान मालिकों द्वारा अपने किरायेदारों का सत्यापन न कराने पर चालान काटे गए। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वे अपने किरायेदारों और कर्मचारियों का समय पर सत्यापन कराएं, ताकि सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित