हरिद्वार , मई 15 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जिला में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने शुक्रवार को ग्राम खेलपुर में व्यापक वाहन सत्यापन एवं जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान 200 से अधिक वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 13 संदिग्ध वाहनों को पुलिस ने मौके पर जब्त कर लिया।
पुलिस को पिछले कुछ समय से क्षेत्र में बिना नंबर प्लेट एवं संदिग्ध वाहनों के संचालन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने गांव की गलियों, मोहल्लों तथा आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस ने वाहनों के दस्तावेज, नंबर प्लेट एवं मालिकाना हक की जांच की। जांच में जिन वाहनों के दस्तावेज अधूरे पाए गए अथवा जिनकी तस्दीक नहीं हो सकी, ऐसे 13 वाहनों को जब्त कर उनके संबंध में विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि 'सेकेंड हैंड' वाहन खरीदते समय सभी दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच अवश्य करें तथा बिना नंबर प्लेट या अधूरे कागजात वाले वाहन सड़कों पर न चलाएं। पुलिस ने कहा कि यह अभियान आमजन को परेशान करने के लिए नहीं, बल्कि क्षेत्र को अपराधमुक्त और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित