चंडीगढ़ , मई 17 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विदेश दौरों पर सवाल उठाने से पहले उन्हें अपने दौरों का हिसाब पंजाब की जनता को देना चाहिए।

श्री चुघ ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का नीदरलैंड दौरा कोई "पर्यटन" नहीं बल्कि भारत के भविष्य के लिए एक ऐतिहासिक मिशन था। उन्होंने दावा किया कि इस दौरे के दौरान भारत और एएसएमएल के बीच टाटा समूह के माध्यम से देश का सबसे बड़ा सेमीकंडक्टर समझौता सुनिश्चित हुआ, जिसके चलते पंजाब के मोहाली में सेमीकंडक्टर प्लांट स्थापित होने का रास्ता खुला। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पंजाब के युवाओं के लिए रोजगार और तकनीकी विकास के नए अवसर लेकर आएगी। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भगवंत मान को ऊर्जा सुरक्षा और जल सुरक्षा जैसे राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों की समझ है।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी का हर विदेश दौरा भारत के लिए निवेश, रोजगार और वैश्विक प्रतिष्ठा लेकर आता है, जबकि श्री मान के विदेश दौरे केवल करदाताओं के पैसे पर "ऐश" करने और आरोपों से घिरे सहयोगियों को सरकारी खर्च पर विदेश घुमाने तक सीमित हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा कि उनके विदेश दौरों से पंजाब को कितना निवेश मिला, कितने रोजगार पैदा हुए और राज्य को क्या लाभ हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार जवाबदेही से बचती है और आरोपों में घिरे नेताओं को संरक्षण देती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित