चंडीगढ़ , मई 21 -- पंजाब आम आदमी पार्टी के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जैसी एजेंसियों के जरिए लोगों को डराकर अपनी पार्टी में शामिल करवा रही है।
श्री पन्नू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत मान को 'आईएसआई एजेंट' कहे जाने की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि बिना किसी सबूत के इस तरह का बयान देना न केवल मुख्यमंत्री बल्कि पूरे पंजाब और पंजाबियों का अपमान है।
उन्होंने कहा कि श्री बिट्टू को या तो अपने आरोपों के सबूत पेश करने चाहिए या फिर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाबियों ने हमेशा देश के लिए कुर्बानियां दी हैं और उन्हें देशभक्ति का प्रमाणपत्र देने की जरूरत नहीं है।
आप नेता ने कहा कि राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के ठिकानों पर भी छापेमारी हुई थी और बाद में वे भाजपा में शामिल हो गये। इसी तरह उन्होंने आरोप लगाया कि आप नेता संजीव अरोड़ा भाजपा के दबाव में नहीं झुके, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।
श्री पन्नू ने गौरव बग्गा का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें सीबीआई नोटिस मिलने के कुछ दिनों बाद ही पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने भाजपा में शामिल कर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पहले नोटिस जारी करवाती है और बाद में लोगों पर पार्टी में शामिल होने का दबाव बनाती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को बताना चाहिए कि जनता के लिए काम करने वाले मुख्यमंत्री को देश विरोधी कैसे कहा जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित