चंडीगढ़ , मई 20 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का एजेंट बताया था।
राजा वड़िंग ने बुधवार को कहा कि यदि श्री बिट्टू के पास मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ कोई ठोस जानकारी है, तो उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री से जांच करवाने की मांग करनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि श्री मान आईएसआई एजेंट हैं, तो केंद्र सरकार कार्रवाई क्यों नहीं कर रही।
उन्होंने कहा, "आप केंद्र सरकार का हिस्सा हैं। अगर आपके पास कोई जानकारी है तो गृह मंत्रालय से जांच करवाइए, वरना पंजाब के मुख्यमंत्री के साथ ये 'फ्रेंडली मैच' खेलना बंद कीजिए।" उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी के बीच अंदरखाने समझौता है और दोनों दल एक-दूसरे पर बयानबाजी कर जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब में हुए बम धमाकों के पीछे भाजपा की भूमिका होने का आरोप लगाया था और अब श्री बिट्टू उन्हें आईएसआई एजेंट बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि उस समय भी कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से पूछा था कि यदि उनके पास भाजपा के खिलाफ कोई जानकारी है, तो कार्रवाई क्यों नहीं की गयी।
राजा वड़िंग ने कहा कि भाजपा और आप के नेता एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हैं, लेकिन बाद में कोई कार्रवाई नहीं होती, जिससे लोगों के बीच यह धारणा मजबूत हो रही है कि दोनों पार्टियां राजनीतिक लाभ के लिए 'फ्रेंडली फायर' कर रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा और पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकारें अपनी-अपनी विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए इस तरह की बयानबाजी कर रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित