चंडीगढ़ , अक्टूबर 28 -- शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने आरोप लगाते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के मैदान छोड़कर भागने से पंजाब की प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।

उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री को 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता द्वारा नकारे जाने का एहसास हो गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग अपनी क्षेत्रीय पार्टी और पंजाबियों के साथ हैं।

पार्टी के विधानसभा हलका प्रभारियों की बैठक की बुधवार को अध्यक्षता करने से पहले पत्रकारों से बातचीत में श्री बादल ने मानसा में दलजीत सिंह का शव कथित तौर पर पुलिस द्वारा परिजनों से जबरन ले जाने की घटना का उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में नेतृत्व के अभाव में पुलिस अपनी मर्जी से काम कर रही है, जो पहले कभी नहीं हुआ। कांग्रेस नेता एवं लोक सभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के पंजाब दौरे से जुड़े सवाल पर श्री बादल ने कहा कि इससे पंजाब की राजनीति पर कोई असर नहीं पड़ेगा और लोग अपनी क्षेत्रीय पार्टी का समर्थन करने का फैसला कर चुके हैं। गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि अकाली दल उन सभी राजनीतिक दलों के साथ गठबंधन पर विचार करने को तैयार है, जो उसकी विचारधारा और नीतियों को स्वीकार करेंगे। उन्होंने हालांकि स्पष्ट किया कि पार्टी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करेगी।

बैठक के बाद वरिष्ठ अकाली नेता डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने बताया कि 10 नवंबर से शुरू होने वाली पंजाब यात्रा अब 15 नवंबर से शुरू होगी। उन्होंने कहा कि त्योहारों के मौसम और मंडियों में किसानों की व्यस्तता को देखते हुए कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। यात्रा का नेतृत्व सुखबीर सिंह बादल करेंगे।

श्री चीमा ने बताया कि श्री बादल बुधवार से 12 विधानसभा क्षेत्रों के व्यापारियों और उद्योगपतियों से मुलाकात के लिए विशेष कार्यक्रम भी शुरू करेंगे। इसके तहत पहली बैठक संगरूर और बरनाला में होगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि अकाली दल का एक प्रतिनिधिमंडल मानसा में दलजीत सिंह का शव कथित तौर पर जबरन ले जाने और इस दौरान उनके परिजनों के साथ मारपीट के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर पंजाब मानवाधिकार आयोग से मिलेगा। प्रतिनिधिमंडल पुलिस की कथित ज्यादतियों के अन्य मामलों को भी आयोग के समक्ष उठाएगा।

बैठक में हाल ही में दिवंगत हुए एसजीपीसी सदस्यों सूबा सिंह डबवाली और अमरजीत सिंह भलाइपुर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके परिवारों के प्रति संवेदना जताई गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित