होशियारपुर , जून 17 -- अकाली दल वारिस पंजाब दे के जिला अध्यक्ष अवतार सिंह सेखों के नेतृत्व में बुधवार को करीब 50 कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासनिक परिसर के बाहर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से जुड़े कथित विवादित वीडियो को लेकर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। इसके बाद उन्होंने सहायक आयुक्त के माध्यम से पंजाब के राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें मुख्यमंत्री के खिलाफ मामला दर्ज करने, स्वतंत्र जांच कराने तथा नैतिक आधार पर उनके इस्तीफे की मांग की गयी।

इस अवसर पर शाम चौरासी विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी डॉ लखबीर सिंह, वारिस पंजाब दे की पांच सदस्यीय समिति के सदस्य तलविंदर सिंह निज्जर तथा होशियारपुर शहर इकाई के अध्यक्ष करनैल सिंह लवली सहित कई नेता मौजूद रहे। पार्टी नेताओं ने कहा कि कथित विवादित वीडियो से संबंधित फोरेंसिक रिपोर्ट और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मुख्यमंत्री के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि जांच पंजाब एवं हरियाणा उच्च् न्यायालय के किसी मौजूदा न्यायाधीश की निगरानी में स्वतंत्र रूप से कराई जाये।

नेताओं ने यह भी मांग की कि जांच प्रक्रिया में किसी भी प्रकार के राजनीतिक, प्रशासनिक या सरकारी हस्तक्षेप को रोका जाये तथा जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए और कथित आपत्तिजनक वीडियो को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

इसके अलावा उन्होंने पूर्व सरकारों के दौरान हुई बेअदबी की घटनाओं और अन्य पंथक मामलों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा सख्त कार्रवाई किए जाने की भी मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित