चंडीगढ़ , सितंबर 25 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के नेता एवं पंजाब यूथ वेलफेयर बोर्ड के अध्यक्ष परमिंदर सिंह गोल्डी ने शुक्रवार को कहा कि शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर 28 सितंबर को लुधियाना स्थित पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (पीएयू) में 'जश्न-ए-इंकलाब' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के लिए अब तक 1.25 लाख से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया है।

आप नेताओं ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को भगत सिंह के विचारों से जोड़ना और नशे से दूर रहने के लिए खेल तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करना है। श्री गोल्डी ने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं को खेल मैदान, इनडोर और आउटडोर जिम तथा 'खेडां वतन पंजाब दियां' और यूथ मैराथन जैसे मंच उपलब्ध कराये हैं।

विधायक मनजिंदर सिंह लालपुरा ने कहा कि यूथ मैराथन में युवाओं की भागीदारी ने विपक्ष के उन आरोपों का जवाब दिया है कि पंजाब की युवा पीढ़ी भटक गयी है। उन्होंने बताया कि 28 सितंबर को पीएयू में मुख्य समारोह अपराह्न तीन बजे शुरू होगा। इससे पहले विद्यार्थी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे और शाम को गायक रणजीत बावा प्रस्तुति देंगे। मुख्यमंत्री भगवंत मान युवाओं को संबोधित करेंगे।

विधायक शैरी कलसी ने कहा कि शहीदेआजम भगत सिंह और बाबा साहेब डॉ भीमराव आंबेडकर की विचारधारा को आगे बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विपक्षी दलों पर पंजाब और उसके युवाओं को बदनाम करने का आरोप लगाया।

यूथ विंग के प्रदेश उपाध्यक्ष बीर दविंदर सिंह ने बताया कि मोहाली, जालंधर और बठिंडा में आयोजित मैराथन में बड़ी संख्यामें युवाओं ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि 'जश्न-ए-इंकलाब' के माध्यम से युवाओं की भागीदारी को और व्यापक बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित