ेजयपुर , जून 22 -- राजस्थान के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा है कि जनसंघ के संस्थापक सदस्य एवं प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक सुंदर सिंह भंडारी संगठन के ऐसे शिल्पकार थे जिन्होंने व्यक्ति, समाज और संगठन की प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करने का कार्य किया।
श्री राठौड़ सोमवार को श्री भंडारी की पुण्यतिथि पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि वह जनसंघ के प्रमुख स्तंभों में से एक थे, जिन्होंने संगठन को मजबूत आधार प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए सुंदर सिंह भंडारी का संघर्ष तथा विपरीत परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों से समझौता न करने का उनका संकल्प हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका जीवन राष्ट्र सेवा, संगठन निर्माण और वैचारिक प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं को निरंतर प्रेरणा मिलती रहेगी।
पुष्पांजलि कार्यक्रम में श्री राठौड़ ने श्री भंडारी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान भाजपा महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, भूपेंद्र सैनी, डॉ. मिथिलेश गौतम, भाजपा कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, कार्यालय सह प्रभारी भवानी शंकर शर्मा सहित पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी श्री भंडारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित