रायपुर , सितंबर 11 -- महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार तड़के एक एसयूवी और ट्रक की भीषण टक्कर में तीन बच्चों समेत आठ लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। एसयूवी में सवार लोग छत्तीसगढ़ के रायपुर से नागपुर जा रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा आज सुबह करीब चार बजे लाखनी तहसील के मानेगांव और पिंपलगांव के बीच हुआ। रायपुर से नागपुर की ओर जा रही एसयूवी की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि एसयूवी ट्रक में फंस गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान शुरू किया। ट्रक में फंसी एसयूवी को निकालने के लिए दो जेसीबी की मदद लेनी पड़ी।

हादसे में एसयूवी सवार तीन बच्चों समेत आठ लोगों की मौके पर मौत हो गई। वहीं, घायल तीन लोगों को उपचार के लिए सकोली सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मृतकों और घायलों के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित