भंडारा , अप्रैल 15 -- महाराष्ट्र के भंडारा जिले में बुधवार तड़के तेंदुए के हमले में पांच वर्षीय बालिका की मौत हो गई।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह हृदयविदारक घटना साकोली तालुका के विरशी गांव के पास उमझरी क्षेत्र में हुई। इस बालिका की पहचान अंशिका मिरी के रूप में हुई है। तेंदुआ उसके अस्थाई आवास के पास से खींचकर ले गया और उसे अपना शिकार बना लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बालिका का परिवार छत्तीसगढ़ का रहने वाला है और वे ईंट भट्ठा मजदूरी के लिए इस क्षेत्र में आए हुए थे। यह परिवार खेत में बनी एक कच्ची झोपड़ी में रह रहा था। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस क्षेत्र में पिछले एक महीने से वन्यजीवों की सक्रियता काफी बढ़ गई है और पहले इसी इलाके में एक बाघिन के होने की खबर भी मिली थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित