श्रीगंगानगर , जून 30 -- राजस्थान के श्रीगंगानगर में पुरानी आबादी थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों, चोरियों और नशे के अवैध कारोबार के विरोध में मंगलवार को जागरूक नागरिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुरानी आबादी थाना प्रभारी से मुलाकात की।

नागरिकों ने क्षेत्र की बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर गहरा रोष व्यक्त किया और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग को लेकर एक लिखित ज्ञापन सौंपा।

पुरानी आबादी के वार्ड नंबर 13 के शक्तिनगर में हाल ही चंदन अनेजा के निवास में हुई चोरी की वारदात के बाद से स्थानीय निवासियों, महिलाओं और बच्चों में भारी डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। मोहल्लावासियों का कहना है कि विगत कुछ समय से क्षेत्र में झपटमारी, गुंडागर्दी और नशे का अवैध व्यापार अप्रत्याशित रूप से बढ़ा है, जिससे आमजन का सड़कों पर निकलना दुश्वार हो गया है।

ज्ञापन में पुलिस से मांग की गयी है कि चंदन अनेजा के घर हुई चोरी की घटना की गहनता से जांच करके दोषियों को जल्द गिरफ्तार करके चोरी गया माल बरामद किया जाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित