रायपुर , सितंबर 29 -- छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने मंगलवार को दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए तैयार ब्रेल पुस्तक 'दिव्यांग अधिकार और प्रेरक कहानियां' का विमोचन किया और कहा कि यह पुस्तक विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों और शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही प्रेरक जीवन प्रसंगों के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
श्री वर्मा ने कहा कि ज्ञान और अवसर पर प्रत्येक बच्चे का समान अधिकार है। ब्रेल पुस्तक में शामिल संघर्ष और सफलता की कहानियां दृष्टिबाधित विद्यार्थियों में आत्मविश्वास पैदा करने में सहायक होंगी। उन्होंने इसे समावेशी और सुलभ शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
पुस्तक को दृष्टिबाधित विद्यार्थियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पूरी तरह ब्रेल लिपि में तैयार किया गया है। इसमें दिव्यांगजनों के अधिकारों, उनके लिए संचालित शासकीय योजनाओं और उपलब्ध अवसरों की जानकारी के साथ विभिन्न चुनौतियों का सामना कर सफलता हासिल करने वाले व्यक्तियों की प्रेरक कहानियां शामिल की गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित