, June 27 -- पटना, 27 जून (यूएनआई)। स्वदेशी चिकित्सा नवाचार और न्यूरोसर्जरी के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए एम्स पटना ने जटिल ब्रेन ट्यूमर सर्जरी को अधिक सरल, सुरक्षित और सटीक बनाने के उद्देश्य 'सरज रिट्रैक्टर' नामक एक अत्याधुनिक, अति-हल्का उपकरण विकसित किया है।
इस उपकरण को विकसित करने वाले एम्स पटना न्यूरोसर्जरी विभाग के अतिरिक्त प्रोफेसर डॉ. सरज कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि इस डिवाइस का डिजाइन पंजीकरण और ट्रेडमार्क संरक्षण एम्स पटना के नाम से कराया जा चुका है।
श्री सिंह ने बताया कि ब्रेन रिट्रैक्टर न्यूरोसर्जरी में अत्यंत आवश्यक उपकरण होते हैं, जिनकी सहायता से मस्तिष्क के नाजुक ऊतकों को सावधानीपूर्वक हटाकर गहराई में स्थित ट्यूमर और अन्य महत्वपूर्ण संरचनाओं तक पहुंच बनाई जाती है। हालांकि, वर्तमान में प्रचलित रिट्रैक्टर सिस्टम लगभग 3.5 किलोग्राम वजनी होते हैं, जिनमें कई हिस्से और जोड़ होते हैं। इन्हें लगाने और समायोजित करने के लिए ऑपरेशन थिएटर में दो से तीन अतिरिक्त कर्मियों की आवश्यकता पड़ती है तथा इनके कारण सर्जरी की तैयारी जटिल और अधिक समय लेने वाली हो जाती है।
प्रोफेसर सिंह ने बताया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए विकसित 'सरज रिट्रैक्टर' का वजन मात्र 20 ग्राम है, जो पारंपरिक उपकरणों के वजन का एक प्रतिशत से भी कम है। इसका सिंगल-जॉइंट डिज़ाइन इसे एक हाथ से आसानी से लगाने, समायोजित करने और हटाने की सुविधा देता है। इससे अतिरिक्त सहायकों पर निर्भरता कम होती है और सर्जरी के दौरान संचालन अधिक सहज हो जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित